शनिवार, 23 अप्रैल 2011

भ्रष्टाचार के खिलाफ हमें ही करनी होगी पहल

भास्कर न्यूज। करड़ा
भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए आमजन को पहल करनी होगी। भारत के प्रत्येक नागरिक को स्वयं के स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर रवैया अपनाकर विरोध करना होगा। तभी भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है। भ्रष्टाचार के फैलने का मुख्य कारण देश के विभिन्न हिस्सों में साक्षरता दर का कम होना है। जिस प्रदेश में साक्षरता न्यून होती है वहां भ्रष्टाचार का ग्राफ भी बहुत ज्यादा होता है। आज भ्रष्टाचार के कारण ही देश की तरक्की नहीं हो पा रही है। भ्रष्ट लोगों की वजह से महंगाई अपनी चरम सीमा भी पार कर चुकी है। जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है। लोग विलासिता का जीवन जीने के लिए अनैतिक तरीके से धन कमाते हैं जो देश को गर्त की ओर धकेल रहा है। ऐसे में हम सभी को संयुक्त रूप से आगे आकर आमजन को जागरूक करना होगा। साथ ही भ्रष्टाचार के अंत के लिए आवाज उठानी होगी।
आज हर सरकारी महकमे में छोटे से छोटे कार्य के लिए रिश्वत देना आम बात है। जिसके लिए मुख्य रूप से आमजनता ही जिम्मेदार है। अगर वे घूस देंगे ही नहीं तो भ्रष्टाचार होगा ही नहीं। इस तरह आमजन को खुद इसके लिए पहल करनी चाहिए।
- सुरेंद्रकुमार माजू , डीगांव
देश में बढ़ती महंगाई का मुख्य कारण भ्रष्टाचार है। भ्रष्ट तरीके से कमाए गए धन का लोग खुल कर दुरुपयोग कर रहे हैं, जबकि गरीब व मध्यम परिवार के लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। सरकारी महकमों में ना तो अधिकारियों को और ना ही कर्मचारियों को भय है। जब जनता ही भ्रष्टाचार में उनका सहयोग कर रही है तो वे भला कैसे रुकेंगे।
- मोबतराम सुथार, करड़ा
जब तक आम आदमी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा। तब तक भ्रष्टाचार को खत्म नहीं किया जा सकता। भ्रष्टाचार का मुख्य कारण आमजन में जागरूकता की कमी है। युवाओं को भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए पहल करनी होगी। जिससे आमजन को भ्रष्टाचार से मुक्ति मिले और देश की तरक्की हो सके।
- विरमाराम देवासी, करड़ा
देश में एक अन्ना ने कुछ दिन अन्न त्यागकर सरकार को हिला दिया है तो करोड़ों भारतीय एक स्वर में भ्रष्टाचार के खिलाफ अगर आवाज उठाएं तो देश में काफी कुछ बदलाव आ सकता है। देश की तरक्की के लिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगानी अति आवश्यक है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
- हरिराम विश्नोई, खारा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें